गोपीगंज। रमजान के आखिरी जुमे की नमाज और जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर बृहस्पतिवार को गोपीगंज थाने में पुलिस अधिकारियों और संभ्रांत जनों की बैठक हुई। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने नगर के संभ्रांत नागरिकों और व्यापारियों के अलावा विभिन्न पार्टी कार्यकर्ताओं से आयोजनों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुझाव मांगे।
नमाजियों ने बताया कि दोपहर 12:30 बजे से लेकर के 1:30 बजे तक जीटी रोड स्थित जामा मस्जिद के सामने क्षेत्र के आसपास के गांवों के लोग नमाज पढ़ते हैं। इससे आवागमन बाधित रहता है। इसके लिए एएसपी ने कहा कि गाड़ियों का रूट डायवर्जन कर मिर्जापुर रोड से छोटी गाड़ियां अंदर मार्केट से होकर पड़ाव पर निकलेंगी जबकि बड़े वाहनो को रोक दिया जाएगा। वहीं नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि उस दिन साफ सफाई के साथ-साथ पानी की भी समुचित व्यवस्था की जाए। वहीं जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर मंगलम सेवा समिति के लोगों ने कहा कि ज्ञानपुर रोड से भगवान जगन्नाथ का रथ निकलता है, जो हाथों से खींचकर पूरे नगर में भ्रमण करता है। सदर मोहाल में नाली बनाए जाने के कारण रास्ताअवरुद्ध है। इसे तत्काल ठीक कराया जाए। इस पर पुलिस क्षेत्राधिकारी रामकरन और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार ने सदर मोहाल का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा लोगों ने नगर की समस्याएं बताते हुए बरसात में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। नगरपालिका ने नाले की सफाई किए जाने का आश्वासन दिया। चुड़िहारी मुहाल मदीना मस्जिद में नमाजियों के लिए बरसात में काफी दिक्कत होती है। इसके लिए भी लोगों ने अपने प्रस्ताव दिए, जिस पर जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री रमाकांत गुप्ता, ज्ञानेश्वर अग्रवाल, चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार, माबूद खान, सरवर खान, ईश्वर लाल बरनवाल, अभिनव पांडेय, सोहनलाल गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, रहीश खान, मुमताज अली, धर्मेंद्र द्विवेदी, मोहित उमर, कृष्ण कुमार खटाई, प्रवीण जायसवाल आदि मौजूद रहे।