ज्ञानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में प्रधान के पांच और जिला पंचायत के तीन सीटों पर हुए नामांकन पत्रों की बृहस्पतिवार को जांच की गई। जांच में प्रधान के सभी 14 और जिला पंचायत के तीनों पर्चे वैध पाए गए। ग्राम पंचायत सदस्य का एक पर्चा जाति प्रमाणपत्र सही न होने पर निरस्त कर दिया गया। 24 जून को नाम वापसी के बाद प्रतीक आवंटन किया जाएगा।
ग्राम प्रधान के पांच, जिला पंचायत के एक, बीडीसी के दो और ग्राम पंचायत सदस्य के करीब आठ वार्ड के लिए दो दिन पूर्व नामांकन किया गया था। बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच में वार्ड 21 के जिला पंचायत के तीनों प्रत्याशियों का पर्चा वैध मिला। ज्ञानपुर विकास खंड के देवाजितपुर, धनापुर उत्तरी और कसिदहां के लिए नौ प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, जांच में सभी का पर्चा वैध मिला। देवाजितपुर में प्रधान पद के लिए रेनूदेवी पत्नी प्रमोद, ललिता देवी पत्नी उमेश, धनापुर उत्तरी से कन्हैया लाल और महजबीन जबकि कसिदहा से मंत्री देवी पत्नी शेषमनी, चन्द्रावली पत्नी लौधर, रामाश्रय, दिनेश और अनिल कुमार सहित पांच लोग चुनाव मैदान में एक दूसरे के खिलाफ ताल ठोंक रहे हैं। डुहिया ग्राम पंचायत के वार्ड पांच में सदस्य का पर्चा खारिज किया गया। सुरियावां विकास खंड के अबरना में तीन और मुंगरा गांव में दो प्रत्याशियों का पर्चा भी वैध मिला। ज्ञानपुर के एआरओ नवीन श्रीवास्तव ने बताया की 24 जून को नाम वापसीके बाद प्रतीक का आवंटन होगा।