ज्ञानपुर। जिले में रिक्त प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य की सीटों पर उप चुनाव की अधिसूचना मंगलवार को जारी हो गई। प्रधान और बीडीसी की एक और सदस्य की 1981 सीटों पर छह जून को नामांकन, 12 को मतदान और 14 जून को मतगणना होगी। राज्य निर्वाचन आयोग का पत्र आने पर अब जिला निर्वाचन विभाग उपचुनाव तैयारी में जुट गया है।
दरअसल जिले में पहले चरण में 15 अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान संपन्न हुआ था। इसमें 545 ग्राम पंचायतों, 660 क्षेत्र पंचायतों, 26 जिला पंचायत सदस्यों और छह हजार 848 ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर निर्वाचन होना था, लेकिन इनमें से 191 ग्राम पंचायतों में सदस्य ग्राम पंचायत पद के लिए निर्वाचन नहीं हो सका हैं। ऐेसे में इन ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत समिति का गठन न होने से यहां के नवनिर्वाचित प्रधान शपथ नहीं ले सके। पंचायती राज अधिनियम के तहत ग्राम पंचायत की आबादी के हिसाब से 11, 13 और अधिकतम 15 ग्राम पंचायत सदस्यों का चुना जाना जरूरी होता है। बीते दिनों हुए चुनाव में 191 ग्राम पंचायतों में एक हजार 981 सदस्यों का निर्वाचन नहीं हुआ। इसमें कई सदस्य सीटों पर प्रत्याशी ही नहीं लड़े, जिससे सीट खाली रह गई। इसी तरह ज्ञानपुर ब्लॉक में बीडीसी की एक सीट और औराई के बंजारी गांव में प्रधान की सीट पर प्रधान के निधन से सीट खाली रह गई। निर्वाचन आयोग ने संबंधित सीटों पर चुनाव कराने के लिए सोमवार की रात में अधिसूचना जारी कर दी। इसमें छह जून से नामांकन, 12 जून को मतदान और 14 जून को मतगणना होगी। नामांकन पत्रों की बिक्री चार जून से ही शुरू हो जाएगी।
इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने बताया कि आयोग का पत्र आ गया है। एक प्रधान, एक बीडीसी और एक हजार 981 सदस्य की सीटों पर उप चुनाव कराया जाना है। इसके लिए विभागीय स्तर से तैयारी की जा रही है।
-इनसेट-
191 प्रधान नहीं ले सके शपथ
ज्ञानपुर। पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद भी जिले के 191 ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले सके। अब भी वहां का कामकाज प्रशासक ही देख रहे हैं। जिले के छह ब्लॉक के 191 गावों में सदस्यों की सीट खाली रहने के कारण प्रधानों को शपथ के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। अब उप चुनाव के बाद वे 25 जून से पूर्व शपथ लेकर गांव की कमान संभालेंगे।