आवश्यकता के हिसाब से बनाएं राहत शिविर
फोटो: 14 और 15
कमिश्नर ने चार प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की
बारिश में गोपीपुर की मलीन बस्ती का लिया जायजा
टीकाकरण अभियान को शत प्रतिशत पूर्ण कराएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्ञानपुर। जिले की नोडल अधिकारी एवं मंडलायुक्त प्रीती शुक्ला तीन दिवसीय भ्रमण के पहले दिन शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चार प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की। टीकाकरण अभियान को शत प्रतिशत करने, लंबित पेयजल परियोजनाएं पूर्ण करने और बाढ़ नियंत्रण के लिए आवश्यकता अनुसार राहत शिविर बनाने का निर्देश दिया। बारिश के बीच वह गोपीपुर मलिन बस्ती पहुंचकर साफ-सफाई की व्यवस्था को देखा। ईओ को निर्देश दिया कि प्रतिदिन नियमित ढंग से साफ-सफाई कराएं।
सुबह 11 बजे जिले में पहुंची मंडलायुक्त प्रीती शुक्ला कलेक्ट्रेट सभागार में स्वच्छता, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, पेयजल व्यवस्था और बाढ़ नियंत्रण की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एक जुलाई से संचारी रोग कोविड-19 नियंत्रण अभियान चल रहा है। सभी अधिकारी अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए काम करें। आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी वर्करों के कार्यों की सघन मानीटरिंग का निर्देश दिया। कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने टीकाकरण का अवलोकन किया। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से कहा कि टीकाकरण का लक्ष्य शत प्रतिशत पूर्ण कराएं।
डीपीआरओ संग सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि साफ-सफाई अभियान में लापरवाही न बरती जाए। जिले में संचालित दो पेयजल योजनाओं को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से चलाने के लिए कहा। बाढ़ नियंत्रण को लेकर अब तक उठाए गए कदम के बारे में जानकारी ली। बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यकता के हिसाब से ब़ाढ़ चौकी और राहत शिविर स्थापित करने के लिए कहा। समीक्षा के बाद मंडलायुक्त ज्ञानपुर नगर के गोपीपुर की मलिन बस्ती में पहुंची। बारिश के बीच साफ-सफाई को देखा। ईओ से कहा कि प्रतिदिन डोर टू डोर सफाई कराई जाए। इस मौके पर ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र, औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर, भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी, डीएम राजेंद्र प्रसाद, एसपी रामबदन सिंह, सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह, सीडीओ विवेक त्रिपाठी, एडीएम शैलेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।