ज्ञानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बुधवार की शाम को बोर्ड परीक्षा की तिथि तय कर दी। इससे परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग और केंद्राध्यक्षों के बीच असमंजस के बादल छट गए। बोर्ड परीक्षा पर नजर रखने के लिए एनआईसी में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसमें लगे 10 कंप्यूटरों से केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 53 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी तो वैसे तो छह माह पूर्व से चल रही है, लेकिन शुरूआत में कोरोना संक्रमण और बाद में पंचायत चुनाव को लेकर असमंजस के बादल छाए रहे। शिक्षा विभाग की ओर से 92 केंद्र का निर्धारण, तीन जोन और 10 सेक्टर बना दिए गए, लेकिन पंचायत चुनाव को लेकर तिथि नहीं निर्धारित हो सकी। बुधवार को बोर्ड की ओर से आठ मई से परीक्षा शुरू कराने का निर्णय लिया गया। इस बार 2020 अपेक्षा 16 केंद्र अधिक बनाए गए हैं तो परीक्षार्थियों की संख्या घटी है। पिछले साल पंजीकृत 54455 के की बजाए इस बार 1180 परीक्षार्थी कम हुए हैं। कुल 53275 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 15020 बालक और 13343 बालिका जबकि इंटरमीडिएट में 13190 बालक व 11721 बालिका कुल 53275 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगी। सुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए प्रशासन की ओर से एनआईसी को कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसका प्रभारी अपर एसडीएम ज्ञान प्रकाश यादव को बनाया गया है। एक कंप्यूटर से 10 परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। एनआईसी में 10 कंप्यूटर से 92 परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों को देखा जाएगा। केंद्राध्यक्षों को परीक्षा केंद्रों की खामियां एक सप्ताह में पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद बोर्ड परीक्षा पर ही प्रशासन का फोकस रहेगा। शिक्षा विभाग की ओर से सभी तैयारी पूर्ण हो गई है।