कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र मिश्र की अध्यक्षता में बोर्ड परीक्षा नकलविहीन व शांतिपूर्ण तरीके से कराने को लेकर बैठक हुई। इसमें नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए अधिकारियों को खास हिदायत दी गई। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र मिश्र ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि डबल लॉक से प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा के बीच निकाले जाएं। परीक्षार्थियों को वितरण के बाद उक्त कक्ष में कोई नहीं रहेगा। परीक्षा सेंटर पर सचल दल जाने पर लॉग बुक का अवलोकन अवश्य कराएं। उन्होंने परीक्षा कक्ष में लगे सीसीटीवी की परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पूर्व और बाद की रिकार्डिंग सहेजने का निर्देश दिया। कहा कि भविष्य में उसकी जांच भी की जा सकती है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र की रखवाली के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। नकल माफिया को लेकर जो भी सूचना मिले, उसे प्रशासन को दें। जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल गुप्ता ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।