Bhadohi News: जखाव गांव में मारपीट की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मय फोर्स मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों को समझाने के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया, जिसमें 10 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों पक्ष जमीन के विवाद में मारपीट करने लगे थे।
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के जखाव गांव में सोमवार को जमीन विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इससे बस्ती में करीब एक घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। इसमें दोनो पक्षों के 15 लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। खबर मिलने पर सीओ और थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
जखांव गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। सोमवार को दोपहर में कहासुनी के बाद दोनों पक्ष उग्र हो गए और लाठी डंडे से एक दूसरे पर हमला करने लगे। कई लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला किया।
इससे दोनों पक्ष से महेंद्र, दिल बहादुर, धनेश, गणेश, मेवाला, लवकुश, राजेश, धन बहादुर, गुलाब, विद्या, चांदनी, वैशाली, शिवम, शिवाकांत, लक्ष्मीकांत, सत्यम घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर चोट लगने से 10 से अधिक लोगों को अन्यत्र रेफर किया गया।
विज्ञापन
खबर मिलने पर क्षेत्राधिकार ज्ञानपुर प्रभात राय, कोतवाल संतोष सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल सीएचसी पहुंचकर पूछताछ की। एक पक्ष ने पुलिस पर लीपापोती का आरोप लगाया।
इस मामले में घायल राजकुमार ने खुद को भाजपा का बूथ अध्यक्ष बताया। उन्होंने कहा कि जमीन के विवाद में मैं थाने पर शिकायत दर्ज कराने गया था। वहां से आने के बाद विपक्ष के लोग मुझे और मेरे परिवार को पीटने लगे। इसकी शिकायत मैंने थाना और समाधान दिवस पर दिया था।