भारतीय जनता पार्टी का 35वां स्थापना दिवस सोमवार को जिला कार्यालय पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वक्ताओं ने पार्टी के राजनीतिक सफर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुखर्जी और पं. दीनदयाल के सपनों को पार्टी बेहतर ढंग से आगे बढ़ा रही है।
मुख्य अतिथि भाजपा काशी प्रांत उपाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह ने कहा कि राष्ट्रवाद, एक भारत, श्रेष्ठ भारत की अलख जगाने वाली पार्टी तमाम झंझावत को पार करते हुए एक बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश के लिए जो सपना संजोया था वह सपना आज पूर्णता की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, इसमें लोकतंत्र है। पार्टी देश के लिए राजनीतिक करती है लेकिन अन्य दल सत्ता के लिए राजनीति में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह पार्टी की नीतियों एवं रीतियों को जन-जन तक पहुचाएं। इसी तरह पूर्व विधायक पूर्णमासी पंकज, घनश्याम मिश्रा, डा. राकेश दूबे ने अपने विचार रखे।
इसके पूर्व पं. दीनदयाल एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संतोष पांडेय और संचालन जिला महामंत्री नागेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर ओम प्रकाश पांडेय, कन्हैयालाल, डा. आनंद मिश्रा, बाबूराम बिंद, छत्रपति सिंह, मायाशंकर पासी, आदि मौजूद रहे।