सुरियावां थाना क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर निमकोड़िया तालाब के समीप सोमवार की रात अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
सुरियावां थाना क्षेत्र के पट्टी बेजांव गांव निवासी रमेश गौतम (25) पुत्र सुक्खूराम गौतम बाइक से कहीं गए थे। रात में वापस लौट रहे थे। रास्ते में निमकोड़िया तालाब के पास किसी वाहन से धक्का लग गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस रमेश को सीएचसी सुरियावां ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा किस वाहन से हुआ, यह किसी को पता नहीं चल सका। सुरियावां थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश्वर पांडेय ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है। पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दुर्घटना किस वाहन से हुई, यह पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है।