भदोही। जनपद की सबसे बड़े नगर पालिका परिषद भदोही सीमा में तीन वार्ड बढ़ कर अब 28 हो गए हैं। अब तक 25 वार्डों वाले नगर पालिका परिषद के नए परिसीमन का उत्तर प्रदेश शासन नगर विकास अनुभाग एक ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी। सभी 28 वार्डों के पुनर्गठन पर आपत्तियां मांगी है जो सात दिन तक दर्ज कराई जा सकती हैं। नई अधिसूचना के अनुसार न केवल वार्डों की संख्या बढ़ी है बल्कि सभी वार्डों की आबादी और मतदाता संख्या भी बढ़ गए हैं।
नगर विकास अनुभाग एक द्वारा जारी अधिसूचना में सभी पुराने 25 वार्ड तो हैं ही, तीन नए वार्ड डुड़वा कुकरौठी, हरियांव और रामरायपुर का गठन किया गया है। इन तीनों वार्डों में भदोही ब्लाक के अंतर्गत आने वाले 28 गांवों का समावेश किया गया है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जी.लाल ने बताया कि नई अधिसूचना के अनुसार भदोही नगर पालिका का क्षेत्रफल जो अब तक 8 वर्ग किमी था वह बढ़ कर 39.56 वर्ग किमी हो गया है। अब तक भदोही नगर पालिका क्षेत्र की आबादी वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जो 94620 था वह बढ़ कर 139290 हो जाएगी। अधिसूचना जारी होने से वार्डों की संख्या में भी परिवर्तन हो गया है। बताया कि अब सभी वार्डों में मतदाता संख्या का जो असंतुलन था नए परिसीमन में उसे दूर कर सभी 28 वार्डों में आबादी संख्या औसतन 4900 के आसपास रखी गई है। इसके अलावा किसी वार्ड में अधिकतम 5600 तो किसी वार्ड में न्यूनतम 4300 की आबादी रखी है।
भदोही। नए परिसीमन के अनुसार भदोही ब्लाक के 28 गांव गंगापुर, कुशियरां, सरैंया, पकरी, हिम्मतपुर बकुचियां, फत्तूपुर दरगाह, सालिमपुर, नूरपुर, जाहिदपुर, सेवापुर सोनहर, चंवर, डुड़वा कुकरौठी, अहमदपुर फुलवरिया, जमुनीपुर, रैमलपुर, लखनपुर उर्फ अभयनपुर, रेवड़ापरसपुर, जल्लापुर, भिखारीपुर, रामरायपुर, हरियांव, कंसरायपुर, प्रजापतिपुर, बनकट, हरीरामपुर, रजपूरा, पिपरी, महबूबपुर अब भदोही नगर पालिका का हिस्साहैं।
भदोही। ईओ ने बताया कि अगर अधिसूचना पर किसी को आपत्ति हो तो प्रकाशन के 7 दिन के अंदर सचिव, नगर विकास अनुभाग-1 लखनऊ को संबोधित आपत्ति जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में किसी कार्य दिवस में प्रस्तुत की जा सकती है। केवल उन्हीं आपत्तियों पर विचार किया जाएगा जो अधिसूचना प्रकाशन के 7 दिन के भीतर प्राप्त होंगी।