भदोही। कालीनों और घरेलू साज सज्जा के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए चार दिवसीय हस्तकला, गिफ्ट और होम डेकर (एचजीएच) ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 12 जुलाई से होने जा रहा है।
एचजीएच इंडिया का यह 11वां संस्करण है। इसमें घरेलू साज सज्जा और गिफ्ट आइटम के साथ-साथ अब कालीन भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। चार दिन के इस फेयर में दुनियां भर के व्यापारी भाग लेंगे। जिसमें उत्पादकों को अपने उत्पाद देश के कोने कोने में पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इस मेले में डेढ़ दर्जन कालीन निर्माता और निर्यातक भाग लेंगे। भाग ले रहे निर्यातक पीयूष बरनवाल का कहाना है कि अब केवल विदेशी बिक्री पर ही निर्भर नहीं रहा जा सकता। एचजीएच इंडिया में दुनियां भर के व्यापारियों का जुटान होता है। कालीनों को लिए भारत एक बहुत बड़ा बाजार है, इसलिए इसमें भागीदारी धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। इससे कारोबार के नए रास्ते खुलेंगे ऐसा विश्वास है।
एचजीएच के क्षेत्रीय निदेशक शिव कुमार गुप्ता ने बताया 12 जुलाई का फेयर का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय कपड़ा एवं रेलवे राज्यमंत्री दर्शन विक्रम जरदोश करेंगी। इसके अलावा केंद्रीय कपड़ा सचिव यूपी सिंह, केंद्रीय एमएसएमई सचिव बीबी स्वेन व विकास आयुक्त हस्तशिल्प शांतमनु भी मौजूद रहेंगे। बताया कि इसमें तुर्की, ताइवान, चीन, हांगकांग जैसे देशों के अग्रणी संगठन के अलावा इटली, अमरीका, बेल्जियम, कोरिया आदि देशों के बड़े रिटेलर्स, होलसेलर्स, निर्माता, डिस्ट्रीब्यूटर भी भाग लेंगे। क्षेत्रीय निदेशक ने बताया कि देश-विदेश के लगभग 450 उत्पादकों के अलावा चार दिन में 35-40 हजार खरीदार व्यापारियों के भी हिस्सा लेने का अनुमान है।