भदोही। जंघई रेलवे स्टेशन पर बीते आधी रात को सिग्नल में तकनीकी खराबी से भदोही-लखनऊ रेल मार्ग लगभग सात घंटे तक प्रभावित रहा। हलांकि इससे जंघई-जौनपुर रेल यातायात ठप रहा लेकिन भदोही की ओर आने-जाने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। नई दिल्ली-वाराणसी 14258 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सवा पांच घंटे विलंब से भदोही स्टेशन पहुंची। जबकि प्रतापगढ़-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन 3 घंटे 20 मिनट देरी से भदोही आई।
पैसेंजर ट्रेन के देरी से भदोही स्टेशन के यात्रियों को अधिक समस्या हुई। सुबह सुबह भारी संख्या में व्यापारी, छात्र-छात्राएं और आम लोग पैसेंजर ट्रेन से वाराणसी जाते हैं। ट्रेन के निर्धारित समय सुबह 6.55 बजे भदोही रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर भारी संख्या में लोग इंतजार कर रहे थे लेकिन बाद में पता चला कि ट्रेन के सुवंसा, बादशाहपुर और नीभापुर में लगभग सवा तीन घंटे बर्बाद होने से ट्रेन देरी से चल रही है। यही हाल केवी एक्सप्रेस का रहा जिससे नई दिल्ली से भदोही लौट रहे भारी संख्या में यात्रियों को परेशान होना पड़ा। ट्रेन का भदोही पहुंचने का समय रात्रि 2.40 बजे है लेकिन यह ट्रेन सुबह आठ बजे भदोही स्टेशन पहुंची। भदोही स्टेशन अधीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि सिग्नल की खराबी से भदोही रूट की मुख्यत: दो ट्रेनें प्रभावित हुईं। कहा कि यदि दिन के समय सिग्नल खराब हुआ होता तोनिश्चित रूप से अधिक ट्रेनों को दिक्कत होती।