ज्ञानपुर। जिले में कोरोना वायरस की दूसरी स्टेन पहली लहर से ज्यादा खतरनाक व भयावह रूप ले चुका है। दूसरी लहर में पहले की तुलना में काफी ज्यादा संख्या में संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों का सिलसिला भी जिले में बदस्तूर जारी है। वहीं दूसरी ओर कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या ज्यादा होने से जिले के लोगों को कोविड अस्पतालों में बेड और आक्सीजन की किल्लतों का सामना करना पड़ रहा हैं। लेकिन इन सब दुश्वारियों और परेशानियों के बावजूद भी कालीन नगरी के लोग खतरनाक व भयावह कोरोना वायरस के संक्रमण को अपने आत्मविश्वास व नियमित दवाओं के सेवन से होम आइसोलेशन में रहते हुए मात दे रहे हैं। इस क्रम में अमर उजाला की टीम ने बुधवार को ऐसे ही कुछ कोरोना फाइटर्स से बातचीत की जिन्होंने कोरोना पॉजिटिव होने के बाद होम आइसोलेशन में रहकर कोरोना को हराया ।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में चिकित्सक के पद पर कार्यरत डा. एसएस यादव दो सप्ताह पूर्व जांच कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। इसके बाद पेशे से चिकित्सक डा. एसएस यादव कोविड अस्पताल में बेड की किल्लत के चलते अपने घर पर ही होम आइसोलेट हो गए । डा. एसएस यादव ने बताया कि इस दौरान वे डाक्टरों की ओर दी गई मेडिसिन के साथ साथ देशी उपचार मसलन काढ़ा का सेवन, गर्म पानी के भाप का सेवन नियमित तौर पर करते थें। इसके अलावा डा. एसएस यादव के मुताबिक वह अन्य आयुर्वेदिक औषधियां जैसे गिलोय, च्वयनप्राश का भी नियमित तौर से सेवन करते थे, इससे काफी हद तक कमजोरी दूर हुई। परिवार में पत्नी और दोनों बच्चे भी संक्रमित थे। उनको भी काढ़ा, गिलोय का सेवन नियमित तौर से कराता था जिससे वो भी पूरी तरह से स्वस्थ हो गए।- डा. एसएस यादव, चिकित्सक, सीएचसी गोपीगंज
जिले के औराई में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक पद पर तैनात डा. आशा मरीजों केे देखने के दौरान कब कोरोना संक्रमित हो गई उन्हें पता भी नहीं चला । उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल को जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली। इसके बाद खुद को होम आइसोलेट कर लिया था। होम आइसोलेशन में रहते हुए रोजाना दिन में तीन बार घर पर बने हुए काढ़ा का सेवन करने के साथ साथ दाल का जूस भी दोनों समय लिया। इसके अलावा गर्म पानी व नमक मिक्स करके दिन में कई बार गरारा भी करती रहती थी। घर पर एक्सरसाईज और योग भी नियमित तौर पर करती थी और रात में पूरी नींद लेती थी जिससे महज 10 दिन में ही उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई । होम आईसोलेश गिलोय, च्वयनप्राश आदि का भी नियमित सेवन किया । दवाओं का सेवन व काढ़ा से मरीज स्वस्थ हो सकते हैं।-डा. आशा, चिकित्सक, सीएचसी, औराई।