औराई तहसील क्षेत्र के दो गांवों सरकारी जमीन पर डॉ. बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने का मामला सामने आया है।
पुलिस और राजस्व टीम ने दोनों प्रतिमाओं को हटवा दिया है। मामले में दो नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों गांवों में तनाव है।
औराई कोतवाली क्षेत्र के अहिमनपुर और ज्ञानपुर के चकजुड़ावन में दो अप्रैल को कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित कर दी। औराई थाने के प्रभारी अंजनी कुमार राय ने बताया कि अहिमनपुर गांव की क्षेत्रीय लेखपाल ने सूचना दी कि सरकारी भूमि (भूखंड संख्या 369) पर मनोज कुमार गौतम और अन्य लोगों ने अतिक्रमण की नीयत से बाबा साहेब की प्रतिमा लगा दी है।
इसके बाद राजस्व और पुलिस की टीम ने माैके पर जाकर प्रतिमा को हटवाया। ज्ञानपुर के चकजुड़ावन में सरकारी भूमि (भूखंड संख्या 71) पर बिना अनुमति बाबा साहेब की एक प्रतिमा लगा दी गई। ज्ञानपुर के प्रभारी निरीक्षक विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि चकजुड़ावन गांव के क्षेत्रीय लेखपाल अखिलेश तिवारी की तहरीर पर अजय कुमार गौतम के खिलाफ लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।