प्रयागराज में 100 मीटर दौड़ में भदोही का परचम लहराने वाले अंश (नीले टीशर्ट में)। स्रोत-विद्यालय
नगर के श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज के आठवीं कक्षा के छात्र अंश यादव ने सब जूनियर बालक अंडर-14 में 100 मीटर दौड़ में प्रदेश स्तर पर भदोही जनपद का मान बढ़ाया है। उन्होंने प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में चल रहे 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर यह उपलब्धि हासिल की है।
इससे पूर्व यहां तक पहुंचने के लिए अंश ने पहले क्षेत्रीय स्तर और जिला स्तर पर 100, 200 व 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल प्राप्त किया था। अब अंश को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। ग्राम पिपरिस निवासी जटाशंकर के बेटे अंश यादव कक्षा आठवीं के छात्र हैं। उन्हें बचपन से ही दौड़ने का शौक था। परिवार से इसके लिए पूरी छूट मिलने के बाद से अंश पढ़ाई के साथ-साथ पूरे दमखम से दौड़ प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।
काॅलेज के खेल प्रशिक्षक राम कुमार यादव ने बताया कि अंश ने यह उपलब्धि प्रादेशिक स्तर पर हुई प्रतियोगिता में प्रदर्शन के बल पर पूरे प्रदेश में भदोही और मिर्जापुर मंडल का गौरव बढ़ाया है। अंश के गोल्ड जीतने से काॅलेज के शिक्षक, खिलाड़ी और प्रबंधन के लोगों में खुशी है। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन के बल पर अब अंश को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।