जिले में यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन की तैयारी मंगलवार को पूर्ण कर ली गई। बुधवार से विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में कॉपियां जांची जाएंगी।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 1.82 लाख कॉपियां जांचने के लिए 848 परीक्षक लगाए गए हैं। 92 टेबलों पर कॉपियां जांची जाएंगी। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर जहां रोक रहेगी। वहीं परीक्षक भी मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे।
जिले में 12 मार्च को यूपी बोर्ड की परीक्षा खत्म हो गई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से समय से रिजल्ट लाने के लिए 19 मार्च से मूल्यांकन शुरू कराया जा रहा है। इसके लिए जिले में विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट और नेशनल इंटर कॉलेज भदोही को हाईस्कूल का मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है।
बुधवार से शुरू होने वाले मूल्यांकन के लिए दोनों केंद्रों पर मंगलवार को तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। इंटरमीडिएट में 60 हजार और हाईस्कूल में एक लाख 22 हजार कॉपियां जांची जाएंगी। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि हाईस्कूल में 243 परीक्षकों की ड्यूटी लगी है। 31 टेबलों पर मूल्यांकन होगा।
हाईस्कूल में एक लाख 22 हजार कॉपियां जांचने के लिए 605 परीक्षक लगे हैं। इसके लिए 61 टेबल बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार केंद्रों पर एक-एक पर्यवेक्षक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कॉपियों का मूल्यांकन होगा।