आकांक्षा दुबे के घर तेरहवीं की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
आकांक्षा की मौत के बाद से ही उनकी मां मधु दुबे लगातार भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह पर हत्या का आरोप लगा रही हैं। आकांक्षा की मां की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर समर सिंह की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी से गिरफ्तार किया। गाजियाबाद कोर्ट ने समर सिंह को वाराणसी पुलिस को ट्रांजिट रिमांड पर दिया है। पुलिस अब समर सिंह को लेकर वाराणसी रवाना हो गई है।
वाराणसी के सारनाथ थाने में आकांक्षा की मां समेत अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
समर सिंह की गिरफ्तारी होने के बाद भदोही के चौरी थाना क्षेत्र के बरदहां गांव में आकांक्षा मां मधु दुबे ने कहा कि समर सिंह और संजय सिंह ने उनकी बेटी को काफी प्रताड़ित किया है। जब तक दोनों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं हो जाएगी। वे राहत की सांस नहीं लेंगी। समर सिंह की गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है, लेकिन उनकी लड़ाई आरोपियों को सजा दिलाने तक जारी रहेगी। अभी भी एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त के बाहर है। पुलिस उसे भी गिरफ्तार करें और दोनों आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दे। तभी उन्हें और उनके परिवार को न्याय मिल सकेगा।
आकांक्षा दुबे और समर सिंह
- फोटो : अमर उजाला
सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल में मृत मिली भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। मुंबई से सारनाथ थाने पहुंची मधु दुबे ने आरोप लगाया कि समर अक्सर आकांक्षा से मारपीट करता था। पैसे हड़प लेता था। उसे किसी और के साथ काम नहीं करने देता था। वह किसी और के साथ काम करती थी तो प्रताड़ित करता था। बीते 21 मार्च को आकांक्षा बस्ती में शूटिंग कर रही थी। तब आकांक्षा के मोबाइल फोन पर संजय सिंह ने फोन किया था। धमकाया था कि तुम्हारी हत्या करा देंगे।
पुलिस के अनुसार, समर सिंह और आकांक्षा सिंह शूटिंग वगैरह के लिए वाराणसी या इसके आसपास के इलाके में आते थे तो टकटकपुर क्षेत्र स्थित एक फ्लैट में रुकते थे। तकरीबन तीन साल से दोनों एक-दूसरे के करीब थे और लिव इन रिलेशन में रहते थे। इस बार वेलेंटाइन डे पर आकांक्षा ने समर के साथ फोटो पोस्ट करते हुए हैप्पी वेलेंटाइन डे लिखा था। इसके बाद फरवरी में ही दोनों के बीच अनबन शुरू हुई तो दूरियां बढ़ती ही चली गईं। समर से दूरी की वजह से आकांक्षा दुखी रहती थी और अवसादग्रस्त हो गई थी।