जंगीगंज। कोईरौना थाना क्षेत्र के इनारगांव में विवाहिता ने फंदे पर झूलकर जान दे दी। सुबह बच्चों को स्कूल जाने के लिए तैयार करने के बाद ऊपर के कमरे में गई। काफी देर तक न लौटने पर परिजनों को शव हुआ तो ऊपर पहुंचे। जहां वह फंदे पर लटकी थी। महिला ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की। इसको लेकर परिजन भी हैरान थे। इनारगांव निवासी संजय गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी प्रीति गुप्ता (28) सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे अपने बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी कर रही थीं। बताया कि बच्चों को तैयार करने के बाद वह घर के ऊपरी कमरे में चली गईं। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर जब वह उन्हें बुलाने ऊपर पहुंचे तो कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
प्रीति पंखे से साड़ी के सहारे फंदे पर लटकी थी। परिजनों ने तत्काल ग्रामीणों की मदद से उन्हें नीचे उतारा और उपचार के लिए गोपीगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष से भाई एवं चाचा भी मौके पर पहुंच गए। कोईरौना के प्रभारी थानाध्यक्ष चन्द्रमा पासवान ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके व ससुराल पक्ष की ओर से किसी तरह की कोई कार्रवाई की बात नहीं की गई। बताया कि महिला ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। इसको लेकर परिजन भी हैरान है।