औराई ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय तुलापुर के बच्चे अब उधारी के भवन में नहीं पढ़ेंगे।
यहां के बच्चे करीब 10 साल से प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे। अब विद्यालय के 73 विद्यार्थी जुलाई से नए भवन में पढ़ेंगे। इसके जिल बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
परिषदीय विद्यालयों में सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। ऑपरेशन कायाकल्प, कंपोजिट ग्रांट समेत अन्य मदों से विद्यालयों में पठन-पाठन की सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय तुलापुर 2014 में स्वीकृत हुआ और नए भवन निर्माण की कवायद शुरू की गई, लेकिन जमीन के विवाद के कारण निर्माण लटक गया।
यहां पंजीकृत करीब 100 बच्चों को पढ़ाई के लिए प्राथमिक विद्यालय पयागापुर के भवन में भेजना पड़ा। साल 2024 के अंत में बेसिक शिक्षा विभाग और शिक्षकों के प्रयास से विवाद खत्म हुआ और मात्र दो से तीन महीने के अंदर 18.54 लाख की लागत से विद्यालय का भवन बनकर तैयार हो गया है।
प्रधानाध्यापक शशि किरण मिश्रा ने बताया कि नए भवन में शौचालय और पेयजल की सुविधा न होने के कारण अभी पढ़ाई नहीं शुरू हो सकी है।
मई-जून तक यह व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी। ग्राम प्रधान से इसके लिए बात चल रही है। विद्यालय में 73 बच्चे पंजीकृत हैं। बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि एक दशक से विवाद के कारण विद्यालय भवन नहीं बन पाया था। अब स्कूल का भवन बन चुका है।