ज्ञानपुर। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा हुई। इसमें लापरवाही बरतने पर एसडीएम ज्ञानपुर समेत 10 अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्ट जारी की गई। जबकि अनुपस्थित तीन अफसरों को नोटिस दिया गया।
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र मिश्र ने कहा कि आईजीआरएस और मुख्यमंत्री पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण को लेकर शासन गंभीर है। अप्रैल में निस्तारण में लापरवाही बरतने पर जिले की रैंक काफी कम हो गई। निस्तारण में लापरवाही बरतने पर अधिशासी अधिकारी खमरिया, डीपीओ, एक्सईएन भदोही खंड, एसडीओ भदोही, बीडीओ औराई, डीघ, एसडीएम ज्ञानपुर, भदोही, तहसीलदार ज्ञानपुर, औराई और भदोही को प्रतिकूल प्रविष्ट दी गई। बैठक में अनुपस्थित रहने पर पीडी डीआरडीए, एआरटीओ और श्रम प्रवर्तन अधिकारी को नोटिस भेजा गया। एडीएम ने लंबित मामलों का एक सप्ताह के अंदर निस्तारण करने का निर्देश दिया। कहा कि अधिकारी स्वयं लागिन कर निस्तारण करें। शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित करें। उन्होंने विद्युत अधिशासी अभियंता ज्ञानपुर एवं पूर्ति निरीक्षक को सख्त चेतावनी देते हुए जमीनी और व्यवहारिक स्तर पर निस्तारण करने का निर्देश दिया। बताया कि अब तक कुल 75 विभागों में 28 हजार 329 कुल प्राप्त शिकायतों में 26 हजार 975 का निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारी शासन के मंशानुसार शिकायतों को निस्तारित करें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसडीएम भदोही चंद्रशेखर, सीओ अभय कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।