ज्ञानपुर/गोपीगंज। औराई और ज्ञानपुर तहसील प्रशासन की दूसरी रणनीति भी सोमवार को सफल रही। ज्ञानपुर के महुआरी-जंगीगंज में तालाब की जमीन पर हुए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से हटाया तो औराई के माधोरामपुर-ककराही में कस्तूरबा गांधी स्कूल की जमीन पर बने रिहायशी मकान को धराशाई करा दिया।
प्रथम चरण में सप्ताह भर पूर्व गोधना गांव के एक तालाब पर बने ढाबे को उजाड़ कर प्रशासन ने ग्राम सचिव को निलंबित किया ही है। एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूलने की तैयारी कर रहा है। एसडीएम औराई चंद्रशेखर, ज्ञानपुर योगेंद्र कुमार ने बताया कि उक्त स्थानों पर कार्रवाई करने के बाद अगल-बगल हुए अतिक्रमण को हटवाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। तीसरे चरण के अभियान में सब कुछ साफ नजर आएगा। इस मौके पर तहसीलदार तनुजा निगम, नायब तहसीलदार अंजनी गुप्ता, इरशाद अहमद, रोशन सिंह, ज्ञान सिंह समेत प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज बृजेश सिंह, उप निरीक्षक जंगीगंज अनवर खान, लेखपाल उपस्थित रहे।