गोपीगंज पुलिस और क्राइम ब्रांच को मंगलवार भोर में बड़ी सफलता हाथ लगी। गोपीगंज नगर में मोबाइल और महराजगंज बाजार में शराब की दुकान में चोरी के आरोपी को धनतुलसी मोड़ के अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 29 मल्टीमिडिया मोबाइल, सीसीटीवी का एक डीबीआर, मानीटर, एक तमंचा बरामद किया। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया।
पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार पत्रकारों से रूबरू होकर घटना का खुलासा किए। उन्होंने बताया कि 26 मार्च को गोपीगंज के ज्ञानपुर रोड के मोबाइल की दुकान और नौ फरवरी को महराजगंज में शराब की दुकान में चोरी हुई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी के लिए औराई, गोपीगंज थाना और क्राइम ब्रांच को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती के निर्देशन में पुलिस मामले में नजर बनाए रही। इलेक्ट्रानिक साक्ष्य के आधार पर मंगलवार की को भोर में धनतुलसी मोड़ के पास राहुल शेख उर्फ कलीम पुत्र बदरूजमाल निवासी चचकी थाना पाकुड़ जिला- पाकुड़ झारखंड को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कबाड़ी का काम करता है। गांव-गांव और नगरों में कबाड़ बीनने के दौरान दुकान को चिन्हित कर रेकी करता। नौ फरवरी की रात में महराजगंज में शराब की दुकान में चोरी की जबकि 26 मार्च की रात में मोबाइल की दुकान में चोरी की। आज चोरी के मोबाइल को बेचने की तैयारी में था लेकिन पकड़ लिया गया। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि बरामद मोबाइल संग अन्य उपकरण की कीमत छह लाख रुपये है। एसपी ने टीम को 15 हजार इनाम देने की घोषणा की। गिरफ्तारी टीम में स्वाट प्रभारी विनोद दूबे, बृजेश सिंह, तुफैल अहमद, नरेंद्र सिंह आदि रहे।