भदोही। शुक्रवार लगातार दूसरे दिन अकीदतमंदों ने जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाल कर रसूल के आमद का जश्न मनाया। हरा परचम लहराते मदरसा शमसिया तेगिया मर्यादपट्टी और दावते इस्लामी के लोगों ने अलग-अलग जुलूस निकाल कर एक दूसरे को मुबारकबाद दी।
मदरसा शमसिया तेगिया के जुलूस का नेतृत्व कर रहे प्रिंसिपल मौलाना फैसल हुसैन ने जलसे में कहा कि आज जश्न मनाने का दिन है। आज के दिन ही हमारे नबी इस कायनात पर रहमत बनकर आए। तब हर तरफ बुराइयों का बोलबाला था। लोग बेटियों को जिंदा जला देते थे। आपने दुनिया को सही रास्ता दिखाया।
स्टेशन रोड, पीरखांपुर रोड, मेनरोड, चौरी रोड, काजीपुर रोड पर डीजे के साथ लोगों ने जुलूस निकाले। मुस्लिम बहुल मुहल्लों में मस्जिदों और बुजुर्गों की मजार की आकर्षक सजावट की गई थी। लोगों ने घरों को भी झालरों से सजाया। मोहब्बत और अमन की निशानी हरा परचम फहराया गया। जुलूस के दौरान सुरक्षा में पुलिस तैनात रही। नगर पालिका की ओर से मार्गों की साफ सफाई और चूने का छिड़काव कराया गया था। जुलूस में हसीब खान, दानिश सिद्दीकी, जमील अंसारी, नुरैन खां, बेलाल खां, खुर्शीद खां, यहिया उस्ताद, बाबी अंसारी, राशिद अहमद, आदिल सिद्दीकी आदि शामिल रहे।