जंगीगंज। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर स्थित जंगीगंज बाजार के लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। हाईवे प्राधिकरण की ओर से जल्द ही जंगीगंज में फुटओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। मंगलवार को राजस्व विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित फुट ओवर ब्रिज के लिए भूमि का चिह्नांकन और नाप-जोख की। ज्ञानपुर तहसील से कुलमनपुर के लेखपाल बसंत लाल मौर्य और सरायजगदीश के लेखपाल शौकत अली एनएचएआई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जंगीगंज पहुंचे। टीम ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक भूमि का सीमांकन किया। जमीन की नाप-जोख के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
टीम ने लगभग 200 मीटर क्षेत्र का माप किया। राजस्व विभाग द्वारा भूमि चिह्नांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एनएचएआई आगे की औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि फुट ओवर ब्रिज बनने से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बाजार आने-जाने वाले हजारों लोगों को हाईवे पार करने में सुरक्षित सुविधा मिलेगी। हाईवे रखरखाव संस्था के आरई शेषनाथ यादव ने बताया कि फुट ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर राजस्व टीम के साथ नापजोख की गई है। जल्द ही फुटओवरब्रिज निर्माण कार्य कराया जाएगा।
हर दिन हजारों वाहनों का होता है आवागमन
जंगीगंज बाजार से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। सड़क पार करने के दौरान कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। स्थानीय नागरिक लंबे समय से यहां फुट ओवर ब्रिज निर्माण की मांग कर रहे थे। लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एनएचएआई ने यहां फुट ओवर ब्रिज बनाने का निर्णय लिया है।