भदोही। शासन द्वारा उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आंदोलन को अवैध घोषित किए जाने के बाद बुधवार को उपजिलाधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने तहसील क्षेत्र के 89 लेखपालों को नोटिस जारी कर कल तक काम पर लौट आने का आल्टीमेटम दिया है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को दो लेखपालों संगठन के तहसील अध्यक्ष प्रियानंद श्रीवास्तव व मंत्री आनंद कश्यप को निलंबित कर दिया गया था।
आज एसडीएम ने बताया कि तहसील क्षेत्र में कुल 91 लेखपाल हैं जिसमे से दो को को निलंबित किया जा चुका है। बाकी को आज नोटिस जारी कर कहा गया कि शासन का नो वर्क-नो पे सिद्धांत लागु हो चुका है। यदि गुरूवार को लेखपाल काम पर नहीं लौटे तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी बताया कि 10 दिसंबर से उन पर नो वर्क-नो पे व्यवस्था लागू हो चुकी है। अर्थात हड़ताल की अवधि में उनका वेतन अवरुद्ध कर दिया गया है।