भदोही। जिला प्रशासन शांतिपूर्ण, भयमुक्त व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए संकल्पित है। मतदान तो मई माह में है लेकिन तहसील प्रशासन अभी से कार्रवाई के लिए अवांछनीय तत्वों को चिह्नित कर रही है। अब तक 4009 लोगों को शांतिभंग की आशंका में चिह्नित कर नोटिस भेज चुकी है।
रविवार को उपजिलाधिकारी रमेश कुमार ने पत्रकारो को बताया कि पाबंद लोगों में से तीन हजार लोग अब तक जमानत नहीं करा सके हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध वारंट जारी किया जा रहा है। उन्होंने चेताया कि यदि इन लोगों ने तत्काल जमानत नहीं कराया तो गिरफ्तारी तय है। एसडीएम ने बताया कि 110जी के तहत 30 व्यक्ति को चिह्नित कर नौ को पाबंद किया गया है। अन्य के विरुद्ध भी वारंट जारी हुआ है। बताया कि जिला बदर किए गए तीन लोगों के बारे में सूचना मिल रही है कि वे जनपद मे ही हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बूथों पर दबंगई करने वाले 69 लोगों को अलग से चिह्नित किया गया है। बताया कि आयोग के निर्देशानुसार भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए गांवों में चौपाल लगा कर जनता को शांति व्यवस्था और पारदर्शी चुनाव के प्रति आश्वस्त किया जा रहा है। मतदेय स्थलों पर बिजली, पानी, शौचालय जैसे आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराने के लिए भी हर प्रयास किए जा रहे हैं।