ज्ञानपुर। जिले के ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर करने के लिए 54 नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। शासन से मंजूरी मिल चुकी है। हर 5000 की आबादी पर खुलने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र किराए के भवन में चलेंगे। सीएमओ ने भवन तलाशने के लिए टीम गठित कर दी है। अब तक 50 केंद्र खाेलने के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। तीन कमरे के भवन का किराया तीन हजार रुपये प्रतिमाह होगा।
जिले में कुल 206 केंद्र पहले से संचालित है, नये खुलने के बाद 260 होंगे। जिले में 546 ग्राम पंचायत है, इसमें से कई ऐसे गांव है। जहां पर स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं है। लोगों को बेहतर उपचार कराने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उपकेंद्र खुलने के बाद ग्रामीण अंचलों की प्रसव पीड़िता को त्वरित उपचार मिलेगा। दो माह पहले शासन की ओर से जिले में 54 नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने को लेकर सहमति मिली। इसके बाद विभाग की ओर से इसको लेकर कवायद शुरू कर दी गई। खास बात यह रही कि फिलहाल इन सभी को किराए के भवन में संचालित किया जाना है। इसे लेकर सीएमओ डॉ. एसके चक ने टीम गठित कर भवनों को तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही यहां पर उप स्वास्थ्य केन्द्र संचालित होंगे।
इनसेट:
प्रसव पीड़िताओं को मिलेगा लाभ
नए खुलने वाले उपकेंद्र तीन कमरे के होंगे। यहां पर एएनएम की तैनाती होगी, जो केंद्र पर 24 घंटे मौजूद रहेंगी। इनका मुख्य काम होगा कि प्रसव पीड़िता का बेहतर उपचार करना। उनकी निरंतर निगरानी करना। समय पर जच्चा, बच्चा को टीका लगाना। इन्हें हर महीने रिपोर्ट अधीक्षक को भेजनी होगी।
वर्जन:
किराये के भवन में 54 नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। इसके लिए 50 भवन चिह्नित कर लिया गया। तीन कमरे का एक केंद्र होगा। यहां एएनएम की तैनाती होगी।
-
डॉ. एसके चक, सीएमओ भदोही