नईबाजार। नगर के विवेकानंद चौराहे के सुंदरीकरण का कार्य भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की ओर से कराया जा रहा है। वर्षों से उपेक्षित इस चौराहे के सुंदरीकरण की लोगों की मांग का आदर करते हुए बीडा ने पहल की है। चौराहे पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित हो चुकी है। लेकिन अभी कुछ काम बाकी रह जाने से इसके अनावरण में देरी है। क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि 26 जनवरी को कार्य पूरा कर प्रतिमा अनावरण कर दिया जाए।
जिला ईंट निर्माता समिति के अध्यक्ष मिठाई लाल दूबे ने कहा कि स्वामी विवेकानंद हम सबके प्रेरणा श्रोत हैं और रहेंगे। बीडा ने सुंदरीकरण कार्य प्रारंभ कर काम तेजी से कराया लेकिन इधर एक सप्ताह से निर्माण कार्य बंद है। कहा कि जनभावना है कि आगामी गणतंत्र दिवस स्वामी जी की प्रतिमा अनावरण के लिए शुभ दिन होगा। ऐसे में काम तेजी से कराया जाना चाहिए। उन्होंने इस संबंध जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए जनभावना से अवगत कराया।
उन्होंने चौराहे के क्षतिग्रस्त मार्ग को भी ठीक कराने की मांग की। उधर बीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि स्वामी विवेकानंद चौराहा सबकी भावना से जुड़ा है। इसके मानकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कहा कि काम बंद नहीं है। थोड़ा काम बाकी है। पूरा प्रयास है कि गणतंत्र दिवस के दिन इसका अनावरण हो जाए।