ज्ञानपुर। जिलाधिकारी विशाल सिंह के मार्गदर्शन में बृहस्पतिवार को सभी विभागों में जन संवाद दिवस का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्षों ने असंतुष्ट शिकायतकर्ताओं से संवाद कर उनकी शिकायतों का निस्तारण किया। एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य की देख रेख में समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आइजीआरएस) और अन्य शिकायती पोर्टल पर लंबित वादों का निस्तारण किया गया।
डीएम ने कहा कि आईजीआरएस समेत अन्य पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता में शामिल है। इसकी लगातार मानीटरिंग की जा रही है। कई विभागों में विभागाध्यक्षों की लापरवाही से शिकायकर्ता संतुष्ट नहीं होते। इससे शिकायतें डिफाल्टर हो जाती है। जन संवाद दिवस में ऐसे लोगों को संतुष्ट किया जाता है।
बृहस्पतिवार को तहसीलों, ब्लॉकों, विकास भवन के विभिन्न दफ्तरों, बिजली निगम, डीआईओएस, बीएसए समेत अन्य दफ्तरों में जन संवाद दिवस में अधिकारियों ने संवाद कर असंतुष्ट शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया। इस दौरान असंतुष्ट फीडबैक में 375 शिकायतों में 296 का निस्तारण किया गया। शेष असंतुष्ट शिकायतों का निस्तारण के लिए टीम गठित की गई।
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री संदर्भ, जिलाधिकारी संदर्भ, जनसुनवाई पोर्टल पर कोई शिकायत लंबित रहती है तो संबंधित विभाग के प्रति यह माना जाएगा कि वह अपनी कार्यशैली में कोई परिवर्तन नहीं कर रहा है, उसके प्रति फिर विभागीय कार्यवाही तय है। डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि किसी भी विभाग का कोई मामला डिफाल्टर, सी श्रेणी, रीपिटेड न हो।