ज्ञानपुर। नगर से सटे ज्ञानपुर देहाती विद्यालय परिसर में आसपास के लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। चाहरदीवारी बनने के बाद भी मनबढ़ किस्म के लोग परिसर में अपने घरेलू काम करते हैं। इससे वहां फैलने वाली गंदगी से स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे जहां संक्रमण के शिकार होते हैं वहीं बच्चों को मच्छरों का प्रकोप झेलना पड़ता है।
करीब एक दशक तक विद्यालय की बाउंड्री न होने से हर समय वहां अतिक्रमण रहता था। साल भर पहले बाउंड्री तो बना दी गई, लेकिन अब भी आसपास के लोग घरेलू काम करने से बाज नहीं आते। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की हालत दयनीय बनी हुई हैं। विद्यालय बंद होने के बाद कृषि कार्य शुरू कर दिया जाता है। उपली भी थोपी जा रही है। कई बार इसकी शिकायत अभिभावकों ने की, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया जाता है। खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञानपुर केडी पांडेय ने कहा कि बाउंड्रीवाल बनने के बाद ऐसी कोई शिकायत नहीं थी, लेकिन दिखवाकर कार्रवाई की जाएगी।