भदोही। आगामी 25 मई को भदोही में देश भर के 200 से अधिक सर्जन जमा होंगे। मौका होगा एजीयूएसआई-कान 2025 का। आयोजन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन भदोही और जीवनदीप हॉस्पिटल की ओर से किया जा रहा है। यह जानकारी आयोजन समिति के सचिव डॉ. एके गुप्ता और अध्यक्ष और मड़ियाहूं विधायक डॉ. आरके पटेल ने शुक्रवार को दी।
बताया कि ऐसा पहली बार होगा, जब पूरे दिन चलने वाले कार्यक्रम जेनिटोयूरिनरी (मूत्र रोग संबंधी) पर होगा। कार्यक्रम में जेनिटोयूरीनरी के क्षेत्र में अब तक हुए अनुसंधान की न केवल चर्चा होगी, बल्कि विशेषज्ञ चिकित्सक इस बारे में भावी बदलावों पर चर्चा करेंगे। डॉ. गुप्ता ने बताया कि पूरे विश्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में नित नए अनुसंधान हो रहे हैं। यह कार्यशाला चिकित्सकों को अपडेट रखे जाने को लेकर हो रही है। कार्यशाला में मरीजों को वरिष्ठ चिकित्सकों की सेवाएं तो मिलेंगी ही सहभागी चिकित्सकों को लाभ मिलेगा। डॉ. आरके पटेल ने बताया कि भदोही चिकित्सा जगत में एक बड़ा कार्यक्रम होगा। इसमें यूरोलाजी (मूत्र रोगों) के कई विशिष्ट चिकित्सकों का लाभ मिलेगा। कहा कि कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जा रहा है। जिनसे यहां के लोगों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। इस दौरान डॉ. आनंद विनय श्रीवास्तव, डॉ. ए रहमान और डॉ. गणेश यादव भी रहे।