लालानगर। नगर पालिका गोपीगंज में शामिल नोनियान गली की उपेक्षा और बदहाल पड़े शौचालय से उठ रही दुर्गंध के खिलाफ रहिवासियों ने विरोध-प्रदर्शन कर पालिका प्रशासन पर जमकर भड़ास निकाली।
प्रदर्शनकारियों का आरोप रहा कि उक्त गली सीधे मुख्यालय मार्ग को जोड़ती है। आवागमन करने वालों और गली में रह रहे लोगों की सुविधा के लिए गली में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण पालिका ने कराया था। गत दिनों बदहाल हो जाने के बाद शौचालय का पुनरुद्घार हो जाने पर भी तेज दुर्गंध ने गली वासियों का जीना मुश्किल हो गया है। रखरखाव का अभाव और सफाई कर्मचारियों की मनमानी की शिकायत अधिकारियों से की गई। बावजूद इसके सफाई न होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक फजीहत महिला यात्रियों को उठाना पड़ती है कि मुख्यालय रोड पर संचालित उक्त शौचालय किसी के काम नहीं आ पा रहा है। यह भी आरोप मढ़ा जाता रहा कि पालिका प्रशासन सभी वार्डों की अपेेेक्षा नोनियान गली के साथ ही सौतेला व्यवहार किया जाता है। यदि एक सप्ताह में व्यवस्था सुचारु न की जा सकी तो लोग सड़क पर भी उतरने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में आमीना बेगम, शहनाज, हैदर, बिंदु देवी, सुकुरु चौहान समेत अन्य लोग भी शामिल रहे।