ज्ञानपुर/मोढ़ (भदोही)। ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल हो गया है। भदोही उपकेंद्र के फीडरों से जुड़े 110 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। लक्ष्मणपट्टी फीडर से जुड़े गांवों में 50 गांवों में जहां पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है, वहीं मोढ़ क्षेत्र के बर्दहवा पावर हाउस से जुड़े लगभग 60 गांवों की बिजली आपूर्ति भी 24 घंटे से बंद है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में दिन ढलते ही घुप अंधेरा हो जा रहा है।
24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करने वाले विद्युत विभाग का हाल माशाअल्लाह है। मोढ़ क्षेत्र के बर्दहवा पावर हाउस से 24 घंटे से अधिक बिजली सप्लाई बंद है। इससे लगभग 60 गांवों में पसरा अंधेरा व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रहा है। इससे पूर्व एक सप्ताह तक इन गांवों में महज दो घंटे बिजली मिली रही थी। वह भी किस्तों में। पूछने पर विभाग के लोग लोकल फाल्ट की वजह से ऐसा होने की बात कहते हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह ठेकेदार को देखना चाहिए कि कहां फॉल्ट है। हमारे कर्मचारी तो कार्य कर रहे हैं। इलाके के गड़ेरियापुर, हरिपट्टी, कोछिया, मोढ़, डीह, बीजापुर, सुबापुर, लछवापुर समेत तकरीबन पांच दर्जन गांवों में पिछले 24 घंटे से बिजली का अतापता नहीं है। इससे लोग परेशान हैं। क्षेत्र के घनश्याम सिंह, श्रीराम सिंह, भगत पांडेय, गिरिवर विश्वकर्मा आदि ने जिलाधिकारी से इस समस्या को संज्ञान में लेकर समाधान कराने की मांग की है। उधर, जेई ओपी कनौजिया ने कहा कि बारिश की वजह से फाल्ट ज्यादा आ रहे हैं। इसकी चलते सप्लाई बाधित हो रही है। लेकिन, उसे तुरंत दुरुस्त कर दिया जा रहा है। इसी तरह लक्ष्मणपट्टी फीडर से जुड़े बैराखास, घरांव, सम्हई भटानी, सम्हई राजपुतानी, बनकट, मर्चवार, बलभद्रपुर, सनवइया, अलुआ, छमहीपुर, असनाव, मल्लूपुर, गंगापुर, घरौना आदि गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली नहीं है। बैराखास के अनुपम आनंद उपाध्याय ने कहा कि बिजली न रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी ही परेशानी छमईपुर के अवधेश तिवारी और बलभद्रपुर के चंदन तिवारी ने भी बताई।
ज्ञानपुर में चार घंटे लगातार गुल रही बिजली
ज्ञानपुर। जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में भी बृहस्पवितार को बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई। सुबह से दोपहर तक बिजली का गुलगपाड़ा जारी रहने के बाद दोपहर दो बजे के आसपास बिजली गुल हो गई। इसके चार घंटे बाद शाम छह बजे तक बिजली का दर्शन नहीं हुआ था। विभागीय अधिकारी बारिश के कारण जगह-जगह फॉल्ट आने की बात कह रहे थे। एक्सईएन चंद्रबली ने कहा कि बारिश के चलते कई जगह फॉल्ट आ गए हैं। कहीं केबिल पंचर हो जा रही है तो कहीं अन्य समस्या जा रही है। विभागीय कर्मचारी फॉल्ट को ठीक करने में लगे हैं।
कोनिया क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ध्वस्त
सीतामढ़ी। बारिश के चलते मंगलवार आधी रात से पूरे कोनिया क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। क्षेत्रवासियों को दो दिन से बिजली नहीं मिल रही है। इसके कारण, सीतामढ़ी से लेकर छेछुआ तक के दर्जनों गांवों में बिजली के लिए हाहाकार मच गया है। पेयजल इकाइयां ठप हैं। लोग मोबाइल चार्ज करने के लिए भी तरस गए हैं। चारो तरफ अंधेरा पसर गया है।
कोनिया क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सीतामढ़ी विद्युत उपकेंद्र से होती है। वर्तमान में यह उपकेंद्र बदहाली के दौर से गुजर रहा है। उपकेंद्र के सारे उपकरण जर्जर हो चुके हैं। उपकेंद्र के कर्मी किसी तरह इसे ठोंक-पीट कर चलाते हैं। मंगलवार की रात बारिश शुरू हुई। इसी बीच रात 1.30 बजे उपकेंद्र में आने वाली 33 केवीए पारेषण लाइन में खराबी आ गई। तभी से 20 किलोमीटर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। उपकेंद्र के कर्मी पप्पू सिंह और जवाहिर यादव ने बताया कि बारिश के चलते मेन लाइन पर कई जगह पेड़ गिर गए हैं, जिन्हें हटवाया जा रहा है। विभाग के अवर अभियंता रामनारायण यादव ने कहा कि समस्या को दूर किया जा रहा है शीघ्र ही आपूर्ति बहाल की जाएगी।