ज्ञानपुर। जिले के 95 परिषदीय स्कूलों के बच्चों को जुलाई में टाट-पट्टी पर नहीं बैठना पड़ेगा। स्कूलों में अब फर्नीचर की व्यवस्था हो जाएगी। इसके लिए एक करोड़ 44 लाख रूपये खर्च होंगे। शिक्षा विभाग ने चिन्हित स्कूलों में मई तक फर्नीचर उपलब्ध कराने का निर्देश आपूर्ति करने वाली फर्म को दिया।
जिले के 1143 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में करीब 700 से अधिक विद्यालयों में पहले से ही फर्नीचर की व्यवस्था हो चुकी है। करीब 150 मॉडल एवं अग्रेजी माध्यम स्कूलों में सभी आधुनिक सुविधाएं दे दी गई है। कुछ स्कूलों के शिक्षक तो कुछ सामाजिक संस्थाओं ने बच्चों के लिए फर्नीचर की व्यवस्था की है, लेकिन अब भी करीब 250 से 300 ऐसे विद्यालय है जहां बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है। जिले के ऐसे करीब 95 विद्यालयों में मई तक फर्नीचर लग जाएगा। संबंधित स्कूलों में फर्नीचर उपलब्ध कराने के लिए तीन माह पूर्व फर्म का चयन किया गया था लेकिन आपूर्ति सही न होने पर विभाग ने उक्त फर्म का टेंडर निरस्त कर दूसरी फर्म को दिया गया। विभाग की माने तो एक लाख 52 हजार की दर से 95 विद्यालयों में फर्नीचर के लिए एक करोड़ 44 लाख रूपये खर्च होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि फर्म को मई में आपूर्ति करने के लिए निर्देश दिया गया है। गर्मी की छुट्टी के बाद जब बच्चे आएंगे तो वह कुर्सी और मेज पर बैठेंगे।