भदोही। नया शिक्षण सत्र प्रारंभ हो चुका है। प्राथमिक विद्यालयों में नन्हें मुन्ने बच्चों के दाखिले के लिए विशेष प्रयास के लिए शासन का पूरा जोर है। विद्यालयों के शिक्षकों को समय समय पर नामांकन के लिए जागरूक किए जाने के अलावा रैली निकालने के निर्देश हैं। इस क्रम में गुरुवार को पिपरी व जाहिदपुर में विद्यालयों के बच्चों ने जागरुकता रैली निकाल कर अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन कराने पर जोर दिया।
विकास खण्ड के न्याय पंचायत पिपरी से बच्चों एवम शिक्षकों द्वारा रैली निकाली गई। रैली में शामिल विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने अपने विद्यालय के बैनर, खुद के बनाए स्लोगन व पोस्टर के साथ भाग लिया। इसके अलावा बच्चों ने नारे भी लगाए शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन, मम्मी पापा हमें पढ़ाओ स्कूल में चल कर नाम लिखाओ। हम भी पढ़ने जाएंगे आपका मान बढ़ाएंगे। इस दौरान विभिन्न बस्तियों का भ्रमण करते हुए लोगों को प्रेरित किया। प्राथमिक विद्यालय जाहिदपुर के बच्चों ने भी लंबा जुलुस निकाला। इस दौरान नारे लगाए और लोगों को जागरुक किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक धीरेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान रामजी यादव के अलावा गोविंद कुमार, सुशीला देवी, दीपा मौर्या समन्वयक न्यायपंचायत पिपरी रामआसरे, धीरज सिंह, महेश यादव, आनंद सिंह, भावना यादव, संजय, सुधाकर मिश्र, राजेंद्र यादव, अखिलेश यादव, शैलेंद्र सिंह, ब्रह्मेश्वर यादव, उधम सिंह, शैलेश कुमार, सुनीता जायसवाल आदि शामिल रहे।