ज्ञानपुर। इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर जिले में आयोजित होने वाली भदोही प्रीमियर लीग (बीपीएल) सीजन दो की नीलामी रविवार को गहमागहमी के बीच हुई। एक रेस्टोरेंट में आयोजित समारोह में आठ टीमों ने 120 खिलाड़ियों पर बोली लगाई। रणजी खेल चुके 16 खिलाड़ी अच्छी कीमत पर बिके। 104 अन्य खिलाड़ियों को टीमों ने बेस प्राइज पर टीम में शामिल किया।
विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में 25 दिसंबर से भदोही प्रीमियर लीग के सीजन दो की शुरूआत होगी। इसमें आठ टीमें शामिल होंगी। रविवार को ज्ञानपुर के पशु अस्पताल स्थित रेस्टोरेंट में खिलाड़ियों की नीलामी की गई। बीपीएल के अध्यक्ष अतुल तिवारी ने बताया कि रणजी खेल चुके 16 खिलाड़ियों को तीन-तीन हजार रुपये में खरीदा गया जबकि 104 खिलाड़ियों को बेस प्राइज दो-दो हजार में टीमों ने खरीदा।
बीपीएल उपाध्यक्ष शिवम शुक्ला ने बताया कि जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए यह प्रयास चल रहा है। भविष्य में यहां के युवा आगे बढ़कर जिले को गौरवान्वित करेंगे। बताया कि भदोही के तीन खिलाड़ी यूपी, आईपीएल एवं भारतीय टीम में खेल रहे हैं। इस मौके पर रणजंय सिंह, विवेक सिंह, राहुल यादव, शशांक मिश्रा, कमलेश पटेल, अजीत पांडेय, विजय बिंद, कृष्ण मुरारी आदि रहे।