ज्ञानपुर। वायरल बुखार के साथ ही डायरिया के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। रविवार को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुखार और डायरिया के 12 मरीज भर्ती किए गए। ओपीडी बंद होने से मरीजों की भीड़ इमरजेंसी वार्ड में लगी रही। सामान्य मरीजों को दवा देकर घर भेज दिया गया। जबकि गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती किया गया।
शनिवार को गांधी जयंती और रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने से जिला अस्पताल की ओपीडी बंद रही। ऐसे में बदलते मौसम की वजह से बीमार हुए लोगों की भीड़ इमरजेंसी वार्ड में लगी रही। रविवार को इमरजेंसी वार्ड में बुखार व डायरिया से पीड़ित 50 से अधिक लोग पहुंचे। इनमें पिपरीस निवासी रेनू (30) वैदाखास निवासी मोहब्बत (3), पुरानी बाजार निवासी विशम्भर (65),दशरथ पुर निवासी अलगू (65) , गोपीपुर निवासी बुधिराम (54), लखनो निवासी चंदा (42) समेत 12 मरीजों को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जिन मरीजों में डेंगू, मलेरिया व टाइफाइड के लक्षण दिखे उन्हें जांच कराने की सलाह दी गई।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रदीप यादव ने बताया है कि बारिश के बाद उमस और तेज धूप से वायरल तेजी से फैल रहा है। इसमें अगर थोड़ी सी लापरवाही करते हैं तो समस्या बढ़ जाती है। समय पर इलाज न होने से यह टाइफाइड का रूप ले लेती है। यदि दवा समय से शुरू नहीं हुई तो खून की कमी भी तेजी से हो जा रही है। भूख भी नहीं लगेगी, शरीर कमजोर पड़ता जाएगा। इसके साथ ही कई प्रकार की बीमारी से ग्रस्त हो सकते हैं। ऐेसे में वायरल को नजरअंदाज न करें।
सीएमएस डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि डायरिया और वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल में मरीज आ रहे है। जो भी सुविधाएं हैं, उनमें बेहतर इलाज किया जा रहा है।