ज्ञानपुर। नगर से सटे बालीपुर देहाती के ग्रामीणों ने आवास, शौचालय, नाली आदि बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने की मांग को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला प्रशासन को पत्रक देकर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बालीपुर देहाती गांव नगर पंचायत ज्ञानपुर और जिला मुख्यालय के बेहद करीब है। लेकिन, विडंबना यह है कि इस गांव में रहने वाले लोग अब भी उपेक्षित हैं। ग्रामीण नाली, खड़ंजा, आवास, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी तरस रहे हैं। हरिजन बस्ती में रहने वालों को आवास का लाभ नहीं मिल पा रहा है। गरीब परिवार कच्चे घरों में रहने को विवश हैं। कुछ परिवार ऐसे भी हैं, जिनका कच्चा मकान जर्जर हो गया है, लेकिन किसी योजना का लाभ नहीं दिलाया जा रहा है। पानी निकासी नाली न होने से घरों से निकाला दूषित पानी घर के बाहर एकत्रित हो जाता है। बस्ती में जमा गंदा पानी से मच्छरों की भरमार हो गई है। बारिश होते ही बस्ती में जलजमाव की विकट समस्या उत्पन्न हो जाती है। बस्ती में रास्ते का भी अभाव बना हुआ है। गरीब परिवार को शासन स्तर से संचालित किसी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बालीपुर देहात नगर से सटा है फिर भी लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण बार-बार संबंधित अधिकारियों को पत्रक देकर मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन संज्ञान में नहीं लिया जा रहा है। चेताया कि शीघ्र ही जिला प्रशासन स्तर से गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिला तो लोग आंदोलन को बाध्य होंगे। इस मौके पर कलट्टर, लल्लन, होरीलाल, राजीव, अमृतलाल, संजू, भोला, भारती देवी, संजयघ, लुट्टूर आदि उपस्थित थे।