भदोही। नगर पालिका परिषद मिनी सदन के गठन को बुधवार को एक वर्ष पूरे हो गए। एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए पालिकाध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल बुधवार को प्रेस वार्ता में कहा कि प्रथम वर्ष में भेदभाव को दरकिनार कर नागरिक समस्याएं दूर करने के भरसक प्रयास किए। वार्ता में उन्होंने भावी योजनाओं पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पदभार ग्रहण करने के समय नगर में जलभराव, जलापूर्ति, साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था आदि की समस्या व्यापक थीं। जिन्हें दूर करने का बीड़ा उठाया। एक वर्ष के दौरान मैने 30 हंडपंप, 42 सबमर्सिबल, दो नलकूप स्थापित करने के अलावा कई स्थानों पर शीतल पेयजल जल मशीन लगाने का काम किया। इसके अलावा सफाई व्यवस्था में सफाई कर्मियों को विभिन्न वार्डों में ड्यूटी लगाकर व्यवस्था बदलने की भरसक कोशिश की। जलनिकासी की समस्या भी दूर हुई लेकिन अभी इसमे काफी कुछ करना है।
भावी वर्ष की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि कूड़ा निस्तारण केंद्र के लिए जमीन ढूंढी जा रही है। जाम की समस्या भी दूर करने के लिए मैं गंभीर हूं। पालिका के राजस्व में वृद्धि करना तथा तीन नलकूप का निर्माण शामिल है। सभासद गुलाम संजरी, करुणाशंकर दूबे, हसीब खां, दानिश सिद्दीकी, जितेंद्र यादव, मुन्नीलाल यादव, इरशाद अंसारी, राधा देवी, रचना अरविंद मौर्य आदि ने एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर अध्यक्ष को बधाई दी।