भदोही। निरंकारी बाबा गुरुवचन सिंह महाराज की पुण्यतिथि को निरंकारी मंडल द्वारा मानव एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर देशव्यापी रक्तदान शिविर के क्रम में रजपूरा स्थित संत निरंकारी मंडल सत्संग भवन में आयोजित शिविर में 103 निरंकारी भक्तों ने रक्तदान किया।
रजपूरा सत्संग भवन में सुबह 9 बजे शिविर का शुभारंभ हुआ जो दोपहर 2 बजे तक चला। शिविर के समापन तक 103 युनिट रक्त जमा हुआ था। शिविर का शुभारंभ सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज ने वर्चुअल रूप में पूरे देश में एक साथ किया। उन्होने कहा कि निरंकारी बाबा गुरुवचन सिंह महाराज की शिक्षा निरंकारी जगत में आज भी प्रासंगिक है। मानव कल्याण के लिए बाबा सतत प्रयत्नशील रहे। मंडल के स्थानीय संयोजक राजेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार प्रकट किया। बताया बाबा गुरुवचन सिंह महाराज और उनके अंगरक्षक चाचा प्रताप सिंह की शहादत के बाद उपजे माहौल को सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह महाराज ने शांत किया था।
खून का बदला खून शब्द को परिभाषित करते हुए बाबा हरदेव सिंह महाराज ने कहा था कि खून तो बहना ही चाहिए लेकिन नालियों में नही, नाड़ियों में। बाबा का यह संदेश निरंकारी जगत में मशहूर है। आज बाबा हरदेव सिंह महाराज की प्रेरणा से हर वर्ष बाबा गुरुवचन सिंह महाराज की स्मृति में 24 अप्रैल को एक साथ देश भर में रक्तदान शिविर आयोजित होता आ रहा है। इसी दिन को मानव एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। बताया रक्त संग्रह के लिए महाराजा चेत सिंह राजकीय अस्पताल ज्ञानपुर के ब्लड बैंक और प्रयागराज के राजकीय ब्लड बैंक तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय की टीम आई थी। इस मौके पर रामदुलार पाठक भी मौजूद रहे।