लालानगर। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को उस समय यात्रियों में अफरातफरी मच गई, जब एक युवती ने ट्रेन के सामने कूद कर जान देने की कोशिश की। हालांकि जीआरपी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को बचाकर परिजनों को सौंप दिया। घटना का कारण युवती की मर्जी के खिलाफ उसकी शादी तय करने का मामला सामने आया।
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर टहल रही थी। उसी बीच वाराणसी से प्रयागराज जा रही विभूति एक्सप्रेस के लिए सिग्नल हो गया। ट्रेन स्टेशन पर रुकने के लिए प्लेटफार्म की ओर बढ़ ही रही थी कि युवती ट्रेन के सामने जान की परवाह किए बिना कूद गई। यह नजारा देख रहे यात्रियों में खलबली मच गई और लोगों ने इसकी जानकारी स्टेशन पर तैनात जीआरपी को दी। स्टेशन पर सुरक्षा की जिम्मेदार संभाल रहे माधोसिंह जीआरपी चौकी प्रभारी बुद्धिसागर यादव कांस्टेबल हरिबंश सिंह, राजेश सिंह आदि के साथ ट्रैक पर पहुंच गए और युवती को पकड़कर ट्रैक से हटा लिया। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसके घर वाले उसकी मर्जी के खिलाफ शादी करना चाहते हैं। नाराज होकर वह जान देने ज्ञानपुर रोड स्टेशन पहुंच गई। जानकारी पर पहुंचे चचेरे भाई को युवती को सौंप दिया गया।