तमंचे से फायरिंग करने वाला युवक गिरफ्तार
विक्रमजोत ( बस्ती)। छावनी थाना क्षेत्र के मुंडेरीपुर गांव में बुधवार रात नशे में धुत होकर तमंचे से पट्टीदार पर फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने भदोही के बालू घाट से गिरफ्तार कर लिया।
घटना के तीसरे दिन शुक्रवार को थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी और एसएसआई श्याम मोहन त्रिपाठी की टीम ने शुक्रवार तड़के भदोही गांव के सरयू नदी किनारे बालू खनन स्थल पर छापा मारा जहां से अनुज उर्फ अमरेंद्र सिंह को तमंचा कारतूस व खोखा के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के दिन आरोपी नशे की हालत में था और गांव के दूसरे युवक को गोली मारने के लिए तलाश रहा था। इसी बीच गांव के चचेरे भाई अनिल सिंह से बहस हो गई। इस दौरान उसके तमंचे से एक राउंड चली गोली में आरोपी का 12 वर्षीय भतीजा अंकुश घायल हो गया था। मामले में अनिल सिंह की तहरीर पर अरविंद सिंह और अनुज उर्फ अमरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष व एसएसआई के अलावा उपनिरीक्षक दुर्विजय सिंह, वीरेंद्र यादव व कांस्टेबल राहुल सिंह शामिल रहे।