लापता युवती का तालाब में मिला शव
- वाल्टरगंज थाने के पुर्सिया गांव के पश्चिम स्थित है तालाब
- सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी युवती
संवाद न्यूज एजेंसी
वाल्टरगंज। 24 घंटे पहले घर से लापता युवती का थाना क्षेत्र के पुरसिया गांव के पश्चिम तरफ तालाब में शव मिला। जिसे देख ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। कुछ देर में ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दिया। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर नमूने एकत्र किए।
शव की पहचान पुरसिया निवासिनी 18 वर्षीय सोनाली सिंह पुत्री अवधेश सिंह के रूप में हुई। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को सहेली के घर जाने की बात कहकर दोपहर बाद घर से निकली थी। लेकिन वह कब और कैसे तालाब में पहुंच गई, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। मृतका की मां उषा देवी बहन चांदनी, भाई आलोक, मनोज सहित परिवार के सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष दुर्विजय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवती की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट किया जा सकता है।