पति की बरसी के दिन भतीजे के साथ बाइक से कपड़े दान करने गई महिला की अयोध्या से लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। विक्रमजोत-टूटीभीटी मार्ग पर बंजरिया गोसाईं गांव के सामने रविवार सुबह हुई घटना में साथ गई पड़ोसी महिला की भी मौत हो गई। बाइक चला रहे युवक की हालत गंभीर बताई गई है।
पैकोलिया थानाक्षेत्र के महुआ गांव निवासी सोहरता देवी (45) के पति लल्लन प्रसाद का बीते 19 नवंबर को निधन हो गया था। रविवार की भोर में बरसी से पूर्व सोहरता क्षेत्र के ही सलहदीपुर गांव निवासी भतीजे पतिराम के साथ सरयू स्नान और कपड़े दान करने की रस्म पूरी करने अयोध्या गई थीं। उनके साथ पड़ोसी फूला देवी (50) पत्नी रमाशंकर भी गईं थीं।
इसे भी पढ़ें: सीएम योगी ने सुनी फरियाद, बोले- जन समस्याओं के समाधान में कोताही बर्दाश्त नहीं
सुबह करीब छह बजे लौटते समय विक्रमजोत-टूटीभीटी मार्ग पर बंजरिया गोसाईं गांव के पास किसी वाहन ने पतिराम की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। सोहरता देवी व फूला देवी सड़क पर सिर के बल गिरीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल पतिराम को हर्रैया पुलिस ने सीएचसी विक्रमजोत पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने सोहरता देवी के बेटे कृष्ण कुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।