महिला की सदमे में मौत, पुलिस पर आरोप
विवाहित बेटी पुरुष मित्र के साथ चली गई, परिवार सदमे में था
पिता की हालत नाजुक, दर्शननगर ट्रामा सेंटर में भर्ती
मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी युवक की खोजबीन में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिकंदरपुर/परशुरामपुर (बस्ती)। विवाहित बेटी के पुरुष मित्र के साथ चले जाने से व्यथित मां की सोमवार को अचानक मौत हो गई। जिसके बाद परिवार के लोग पुलिस पर बेटी को ढूंढने में ढुलमुल रवैया अपनाने को लेकर हंगामा करने लगे। इसी बीच बेटी के लापता होने और पत्नी की मौत से व्यथित युवती के पिता को भी सदमा लगा और उसे आनन-फानन में अयोध्या में भर्ती कराया गया। महिला का शव लेकर परिवारवाले थाने पहुंचने की तैयारी करने लगे। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझाकर शांत कराया।
बताया जा रहा है कि शादी के कुछ दिन बाद ही 22 वर्षीय युवती अपने पुरुष मित्र के साथ कहीं चली गई। युवती का पिता 15 जुलाई को परशुरामपुर थाने में तहरीर देकर गांव के ही शिवशंकर उर्फ झिनकू, सुभागा, गुड़िया और रोशन के विरुद्ध बेटी को बहलाकर साथ ले जाने का आरोप लगाया। बताया कि वह घर से 60 हजार रुपये नकद और जेवर भी लेकर चली गई। पुलिस ने चारों के विरुद्घ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। मगर परिवार के लोग पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थे। उनका आरोप है कि पुलिस दोनों के बालिग होने का बहाना बनाकर मामले को हल्के में लेती रही। इस बाबत एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि 22 वर्षीय युवती को साथ ले जाने वाले आरोपित व उसके तीन अन्य सगे संबंधियों के विरुद्ध 15 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर खोजबीन की जा रही है। उन दोनों का लोकेशन पूना में मिला है, जहां एक टीम रवाना कर दी गई है।