बस्ती। गेहूं की फसल अभी खेतों में ही है, मगर सरकार इसके बिक्री को लेकर अभी से सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। पहले नोडल अधिकारी तय किए गए अब अपने जिले में 85 क्रय केंद्र बनाए जाने का निर्देश शासन ने दिया है। इस निर्देश के बाद खरीद को लेकर क्रय केंद्रों के निर्धारण की कवायद शुरू हो गई है। इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1735 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।इसके लिए बुधवार से किसानों का पंजीकरण भी शुरू हो गया है।
गेहूं खरीद को लेकर प्रथम चरण की तैयारी पूरी हो गई है। एक अप्रैल से 15 जून तक होने वाली खरीद के लिए जिले में खाद्य एवं रसद विभाग के विपणन शाखा के कुल 85 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पंजीकृत किसान अपना गेहूं बेचेंगे। इसके लिए खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट खुल गई है। हालांकि अभी गेहूं खेत में ही है, मगर सरकार की मंशा इसे लेकर अभी से स्पष्ट हो गई है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक खरीद होने की उम्मीद जिम्मेदार जता रहे हैं। पिछले वर्ष जिले का कुल लक्ष्य 12 लाख मीट्रिक टन था, जिसमें सापेक्ष 80 प्रतिशत खरीद हुई थी।
खबर है कि शासन के गेहूं खरीद की तैयारी के निर्देश के बाद खाद्य रसद विभाग की विपणन शाखा के अधिकारियों ने उन स्थानों पर खरीद केंद्र बनाए हैं, जहां इस बार धान खरीद की गई है। संभागीय खाद्य नियंत्रक श्रीप्रकाश मिश्र ने बताया कि शासन ने अभी खरीद का कोई लक्ष्य तय नहीं किया है, मगर न्यूनतम समर्थन मूल्य व क्रय केंद्रों की सूची जारी कर दी है। इसके तहत कुल 85 केंद्र खाद्य विभाग के होंगे। इस बार 1735 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य निर्धारित किया गया है। एक अप्रैल से खरीद शुरू हो जाएगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।