हर्रैया क्षेत्र में डीजे के तेज कंपन से दुकान में गिरी दवाएं स्रोत दुकानदार
हर्रैया। श्री गणेश मूर्ति विसर्जन के दौरान सोमवार की रात तेज आवाज में बजाए गए डीजे से दुकानदारों की मुश्किल बढ़ गई। डीजे की तेज ध्वनि से पैदा हुए कंपन के कारण कई दुकानों की रैक और अलमारियों में रखा सामान नीचे गिर गया। मंगलवार सुबह दुकानें खोलने पहुंचे व्यापारियों को सामान बिखरा मिला।
व्यापारियों के अनुसार, तेज ध्वनि और कंपन के कारण मेडिकल स्टोरों की रैक पर रखी कांच की सिरप की बोतलें गिरकर टूट गईं। इससे दवाएं भी खराब हो गईं। बेकरी और जनरल स्टोर में रखे पैकेटबंद सामान व कांच के डिब्बे भी गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए। पीड़ित दुकानदार अमर गुप्ता और अमित केसरवानी ने नुकसान के लिए विसर्जन जुलूस में बजाए गए डीजे को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि ध्वनि प्रदूषण के निर्धारित मानकों और डेसिबल सीमा का पालन नहीं किया गया।
व्यापारियों ने प्रशासन से नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों और संबंधित समितियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। सूरज सिंह, शुभम प्रजापति समेत मेडिकल स्टोर संचालकों और किराना कारोबारी श्रीराम गुप्ता ने भी कार्रवाई की मांग की।
विशेषज्ञ की सलाह : जिला अस्पताल के ईएनटी डॉ. एसएस कन्नौजिया का कहना है कि तेज ध्वनि में डीजे बजाने से कान का पर्दा फट सकता है, इससे बहरेपन के शिकार हो सकते हैं। बाद में तमाम ऐसे मरीज होते हैं जिनके कान में सनसनाहट की आवाज आती है।
कान भारी लगता है। दर्द के साथ अन्य कई प्रकार की परेशानियां जैसे चक्कर, उल्टी महसूस होती है। ऐसे में डीजे संचालक निर्धारित मानक पर ही बचाएं।