कुदरहा। लालगंज थाना क्षेत्र के उजियानपुर गांव में मंगलवार दोपहर 19 वर्षीय युवक का शव गांव के पश्चिम सिवान में कटहल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में मातम फैल गया। मृतक की पहचान सत्यम पुत्र बसंत के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, सत्यम मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने करीब 11 बजे फोन कर उसे खाना खाने के लिए घर बुलाया, लेकिन वह नहीं आया। दोपहर करीब 12 बजे दोबारा फोन किया गया, लेकिन सत्यम ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े।
तलाश के दौरान गांव के पश्चिम सिवान में कटहल के पेड़ से सत्यम को रस्सी के सहारे लटकता देख ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल पीएचसी कुदरहा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।