रुधौली। सिद्धार्थनगर में आयोजित लोधी समाज की महारैली में शामिल होने जा रही गाड़ियों का काफिला रविवार को आपस में भिड़ गया। करीब 10 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दौरान हाईवे पर 20 मिनट के लिए लंबा जाम लग गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को किनारे कराया और आवागमन बहाल कराया।
बताया गया कि लोधी समाज की एक महारैली का आयोजन किया गया था, जिसमें शामिल होने के लिए एक लंबी कतार में कई गाड़ियां तेज गति से गुजर रही थीं। रुधौली कस्बे में घुसते ही काफिले की एक गाड़ी के चालक ने स्टेट बैंक गली के सामने अचानक ब्रेक लगा दी, जिसके बाद पीछे चलने वाली कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आईं, जिन्हें सीएचसी रुधौली ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। संवाद