बनकटी। क्षेत्र के साधन सहकारी समितियों पर यूरिया खत्म हो चुका है। सप्ताह भर से किसान समितियों का चक्कर लगा रहे हैं या फिर महंगे दाम पर निजी दुकान से खरीदने को मजबूर हैं। गेहूं की फसल के लिए किसानों को यूरिया की जरूरत है। किसानों ने समितियों पर यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है।
विकास खंड क्षेत्र में साधन सहकारी समिति सजनाखोर, खोरिया बसौढ़ी, महंथा सजहरा, चितखोर गंगौरी, वोकनार, कराह पिठिया आदि संचालित हैं। एक-दो समितियों को छोड़कर किसी भी समिति पर एक माह से यूरिया नहीं है, जबकि गेहूं की फसल के लिए दोबारा यूरिया की जरूरत है। किसान सर्वेश उपाध्याय, राजेंद्र प्रसाद चौधरी, अजय शुक्ला, राम किशुन चौधरी आदि ने बताया कि गेहूं की फसल में दोबारा यूरिया डालना अति आवश्यक है, मगर समितियों पर यूरिया खत्म है।
राम तौल चौधरी ने बताया कि निजी दुकानों पर 400 से 450 रुपये में जिंक के साथ यूरिया मिल रहा है। इस समय डाई और यूरिया दोनों की जरूरत है। जिला सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता आशीष श्रीवास्तव ने बताया की डाई व यूरिया की कमी नहीं है। सचिवों के मांग के अनुसार भेजा जा रहा। सोमवार से लेकर मंगलवार तक सभी समितियों पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।